हापुड़ : धौलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में पति की हैवानियत का वीडियो समाने आया है। किसी बात को लेकर आरोपी पति ने मकान का मुख्य गेट बंद करके पत्नी के साथ जबरदस्त मारपीट की। इसके बाद उसका वीडियो बनाया गया। इस दौरान शोर सुनकर पड़ोसी लोगों ने झांककर देखा तो उनके रोगंटे खड़े हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंचकर आरोपी पति को गिरफ्तार किया और उसका मोबाइल फोन कब्जे में लिया गया।
बड़े भाई ने की थी छेड़खानी
पीड़ित महिला ने लगभग पांच महीने पहले जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जेठ को गिरफ्तार किया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। छेड़छाड़ के मामले में ससुराल पक्ष के लोगों ने आरोपी का साथ दिया था और पीड़िता को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इसके बाद पीड़ित अपने मायके में जाकर रहने लगी थी। पिछले दिनों पति ससुराल गया और पत्नी को गांव में ले आया था। इसके बाद से लगातार महिला पर जेठ के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था।
पति-पत्नी के बीच कहासुनी
इसके चलते पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। जिस पर पति ने महिला को बेल्ट और डंडों से पीटा। इस दौरान महिला को निर्वस्त्र कर दिया गया। आरोप है कि आरोपी ने महिला को निर्वस्त्र अवस्था में पीटते हुए का वीडियो बनाया। मोहल्ले के लोगों के देखने की भनक लगने पर आरोपी ने महिला को कमरे में बंद कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
थाना प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह के अनुसार, इस तरह के मामले की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर आरोपी के घर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन में घटना का वीडियो मिला है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
No comments:
Post a Comment